Tuesday, October 6, 2026
Home » रांची : शूटिंग क्लब के वॉशरूम में कैमरा मिलने से हंगामा, ट्रेनर गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस

रांची : शूटिंग क्लब के वॉशरूम में कैमरा मिलने से हंगामा, ट्रेनर गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस

0 comments

रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में हरमू रोड स्थित चतरा राइफल शूटिंग क्लब में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब वॉशरूम में मोबाइल और कैमरा छिपाकर लड़कियों की रिकॉर्डिंग किए जाने की आशंका सामने आई। मामले की जानकारी मिलते ही क्लब में प्रशिक्षण लेने वाली छात्राओं के अभिभावक वहां पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्लब पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने एक ट्रेनर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। प्रारंभिक जांच के बाद उसे गिरफ्तार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब क्लब की आंतरिक व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

वॉशरूम में डिवाइस देखकर छात्रा को हुआ संदेह

जानकारी के अनुसार, रविवार को प्रशिक्षण के दौरान एक छात्रा वॉशरूम गई थी। वहां उसे एक डिवाइस दिखाई दी, जिसे देखकर उसे शक हुआ। वह तुरंत बाहर आई और क्लब में मौजूद अन्य छात्राओं को इसकी जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं ने दूसरी लड़कियों को वॉशरूम में जाने से रोक दिया।

एक छात्रा ने घटना की जानकारी फोन के जरिए अपने पिता को दी और उन्हें क्लब आने को कहा। पिता के अनुसार, वह उस समय कटहर मोड़ के पास थे। बेटी का फोन आने के बाद वह तुरंत क्लब पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि वॉशरूम में मोबाइल और कैमरा रखे होने तथा रिकॉर्डिंग किए जाने की आशंका है।

पिता ने CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की

छात्रा के पिता ने क्लब प्रबंधन से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग दिखाने और फुटेज को सुरक्षित रखने का आग्रह किया। उनके मुताबिक, प्रबंधन की ओर से बताया गया कि क्लब के निदेशक फिलहाल चतरा में हैं।

परिजनों का कहना है कि घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि जांच में किसी तरह की परेशानी न हो। छात्रा के पिता ने बताया कि वह करीब ढाई वर्षों से अपनी बेटी को शूटिंग प्रशिक्षण के लिए क्लब भेज रहे हैं। उनका कहना है कि अभिभावक बच्चों की ट्रेनिंग और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए संस्थानों पर भरोसा करते हैं। ऐसे में वॉशरूम में रिकॉर्डिंग की आशंका सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।

अभिभावकों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद

घटना की खबर फैलने के बाद कई अभिभावक क्लब परिसर में जमा हो गए। वॉशरूम में कैमरा या रिकॉर्डिंग डिवाइस होने की सूचना को लेकर वहां हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं, अभिभावकों तथा क्लब से जुड़े लोगों से जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एक ट्रेनर को गिरफ्तार किया गया है। देर रात तक पीड़ित छात्रा के परिजन थाने में मौजूद थे। पुलिस लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

पुलिस क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और रिकॉर्डिंग से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है। वहीं, क्लब के संचालक के रांची पहुंचने के बाद उनसे भी पूछताछ की जाएगी। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि कथित रिकॉर्डिंग के पीछे कौन था और वॉशरूम में डिवाइस कैसे पहुंची।

You may also like

Leave a Comment