बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों को लेकर मतभेद गहरा गए हैं। कांग्रेस ने गुरुवार देर रात पांच सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। इनमें चार सीटें ऐसी हैं, जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पहले ही अपने प्रत्याशी मैदान में उतार चुका है। इसके साथ ही पटना शिक्षक, पटना स्नातक, कोसी स्नातक और दरभंगा स्नातक सीटों पर गठबंधन के दोनों दलों के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है।
कांग्रेस की सूची में दरभंगा शिक्षक सीट का नाम भी शामिल है। पार्टी ने यहां मौजूदा विधान पार्षद और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट पर RJD ने अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। ऐसे में मदन मोहन झा का मुकाबला जनता दल यूनाइटेड (JDU) के घनश्याम राय और जन सुराज के एसपी राय से होगा।
इन चार सीटों पर RJD-कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने
पटना शिक्षक सीट पर कांग्रेस ने संजय यादव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, RJD की ओर से संजीव कुमार सिंह पहले ही चुनावी मैदान में हैं।

पटना स्नातक सीट पर कांग्रेस ने असदुल्लाह खान को टिकट दिया है, जबकि RJD ने दिलीप कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह कोसी स्नातक सीट पर कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल और RJD के नितेश कुमार के बीच मुकाबला होगा।
दरभंगा स्नातक सीट पर भी दोनों दलों ने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस ने रजनीकांत पाठक को टिकट दिया है, जबकि RJD के उम्मीदवार अनिल कुमार झा हैं।
सीट शेयरिंग पर नहीं बनी बात
विधान परिषद चुनाव के लिए RJD ने 11 सितंबर को छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इसके बाद कांग्रेस की ओर से सीट बंटवारे को लेकर बातचीत नहीं होने की बात सामने आई थी। अब कांग्रेस की नई सूची जारी होने के बाद गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर मतभेद चुनावी मैदान तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। ऐसे में दोनों दलों के बीच आखिरी दौर में किसी तरह का समझौता होता है या नहीं, इस पर नजर रहेगी। बिहार विधान परिषद की इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।