हैदराबाद के शिवरामपल्ली स्थित रामदेवरा दरबार मंदिर में बाबा रामदेव का जन्मोत्सव धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक रंग के साथ मनाया गया। बाबा रामदेव जन्मोत्सव समिति, भाग्यनगर के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीगणेश के भजनों से हुई। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायक सुशील गोपाल बजाज ने राजस्थानी भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्तिमय संगीत के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और कई लोग भजनों पर झूमते दिखाई दिए। आयोजन को सफल बनाने में संगीत संयोजक पार्थो मुखर्जी, नईम दिलशाद, फैयाज अहमद, प्रनापल उर्फ मिथुन दा, तिलक राज, कन्हैयालाल गुर्जर और विष्णु शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में कोलकाता की सांस्कृतिक टीम ने नृत्य और विभिन्न झांकियों की प्रस्तुति देकर समारोह में कलात्मक रंग भी जोड़ा। धार्मिक कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

समारोह के दौरान कई गणमान्य लोगों का सम्मान किया गया। इनमें राजेंद्र नगर के विधायक प्रकाश गौड़, गोशामहल विधायक टी. राजा सिंह, तेलंगाना धर्मस्व विभाग की कार्यकारी अधिकारी ए. रमा देवी तथा समाजसेवी अमृत कुमार जैन, नरेंद्र गोयल, सांवरमल अग्रवाल, बृज गोपाल भूतड़ा और राम बल्लभ भाटी उर्फ मामा जी शामिल रहे।
इसके अलावा राजस्थान के रामदेवरा से पहुंचे बाबा रामदेव की 18वीं पीढ़ी के वंशज प्रेम सिंह तंबर का भी आयोजकों की ओर से विशेष अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों के बीच धार्मिक आस्था के साथ राजस्थान की लोक-सांस्कृतिक परंपराओं की भी झलक देखने को मिली।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट