Wednesday, October 7, 2026
Home » FJCCI चुनाव में तुलसी पटेल की टीम का दबदबा, 21 में 13 सीटों पर जीत

FJCCI चुनाव में तुलसी पटेल की टीम का दबदबा, 21 में 13 सीटों पर जीत

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड के कारोबारी जगत के सबसे बड़े संगठन फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की नई कार्यकारिणी के चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने स्पष्ट बढ़त के साथ जीत दर्ज की है। रविवार, 13 सितंबर को हुए चुनाव के परिणाम रात करीब 8 बजे घोषित किए गए। 21 सदस्यीय कार्यकारिणी में तुलसी पटेल समर्थित 13 उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि टीम मुकेश के खाते में 8 सीटें आईं।

चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले में बदलने की कोशिश कर रही पूनम आनंद की टीम P-21 को इस बार बड़ा झटका लगा। पूनम आनंद सहित उनकी टीम के सभी उम्मीदवार चुनाव में पराजित हो गए। मतगणना के बाद चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने आधिकारिक रूप से परिणामों की घोषणा की।

नई कार्यकारिणी के 21 सदस्य अब संगठन के अगले कार्यकाल के लिए अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे। यानी कार्यकारिणी के गठन के बाद अब FJCCI के शीर्ष पदों को लेकर भी कारोबारी समुदाय की नजरें टिकी हैं।

2860 मतदाताओं ने डाले वोट

चुनाव के लिए रांची के हरमू स्थित मारवाड़ी भवन में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया गया। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे मतों की गिनती शुरू हुई। कुल 4214 मतदाताओं में से 2860 सदस्यों ने मतदान किया।

मतगणना पूरी होने के बाद तुलसी पटेल के नेतृत्व वाली टीम ने 13 सीटें जीतकर कार्यकारिणी में बहुमत हासिल कर लिया। हालांकि, व्यक्तिगत मतों के मामले में टीम मुकेश के मुकेश कुमार अग्रवाल सबसे आगे रहे। उन्हें 1827 वोट मिले। इसी टीम के डॉ. अभिषेक कुमार रामदीन 1742 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसके बावजूद टीम मुकेश अपने अधिकांश समर्थित प्रत्याशियों को विजयी नहीं बना सकी।

किस उम्मीदवार को कितने वोट मिले

  • मुकेश कुमार अग्रवाल : 1827
  • डॉ. अभिषेक कुमार रामदीन : 1742
  • प्रवीण लोहिया : 1725
  • तुलसी पटेल : 1622
  • विनीता सिंघानिया : 1597
  • ज्योति कुमारी : 1535
  • राम बांगर : 1506
  • मनीष जैन : 1497
  • नवजोत अलंग : 1469
  • निधि झुनझुनवाला : 1450
  • आस्था किरण : 1441
  • अमित अग्रवाल : 1424
  • राहुल साहू : 1418
  • रोहित पोद्दार : 1384
  • अनिल अग्रवाल : 1360
  • अमित शर्मा : 1348
  • रोहित अग्रवाल : 1347
  • अमित किशोर अग्रवाल : 1344
  • विकास विजयवर्गीय : 1305
  • मोनिका गोयंका : 1300
  • पूजा धाधा : 1288

परिणाम सामने आने के बाद टीम तुलसी पटेल के प्रमुख तुलसी पटेल ने जीत का श्रेय FJCCI के सदस्यों के समर्थन को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे चैंबर परिवार के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने व्यापारियों और व्यवसायियों के हित में पूरी क्षमता से काम करने तथा चुनाव के दौरान किए गए वादों को कार्यकाल में पूरा करने का भरोसा दिलाया।

तीन प्रमंडलों में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए

FJCCI चुनाव में कार्यकारिणी सदस्यों के साथ क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का चयन भी हुआ। कोयलांचल प्रमंडल से अमरजीत सिंह सलूजा, कोल्हान से विजय आनंद मूंका और नॉर्थ छोटानागपुर से विनय कुमार अग्रवाल निर्विरोध चुने गए।

इसके अलावा रविवार को पलामू, साउथ छोटानागपुर और संथाल परगना प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया। इनमें पलामू से अमित कुमार जायसवाल, साउथ छोटानागपुर से दामोदर कुमार कसेरा और संथाल परगना से आकाश पांडेय निर्वाचित हुए।

FJCCI की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ अब अगली चुनौती संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के चयन की होगी। 21 सदस्यीय टीम में तुलसी पटेल समर्थकों के बहुमत ने आगामी कार्यकाल की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट कर दी है।

You may also like

Leave a Comment