Wednesday, October 7, 2026
Home » गोड्डा की छात्रा की BIT हॉस्टल में संदिग्ध मौ*त, FSL करेगी घटनास्थल की जांच

गोड्डा की छात्रा की BIT हॉस्टल में संदिग्ध मौ*त, FSL करेगी घटनास्थल की जांच

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची के BIT मेसरा परिसर में शुक्रवार रात एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। हॉस्टल नंबर-9 में रहने वाली छात्रा अंजली सुमन, जो गोड्डा जिले की रहने वाली बताई गई है, अपने कमरे में मृत मिली। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अंजली अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर बीतने के बावजूद जब वह बाहर नहीं आई और कमरे का दरवाजा भी नहीं खुला, तो उसकी सहेलियों को चिंता हुई। भोजन के समय भी अंजली के बाहर नहीं आने पर छात्राओं ने कमरे की स्थिति जानने की कोशिश की।

दरवाजे से झांकने पर दिखा शव

सहेलियों ने कमरे के दरवाजे में बने एक छेद से अंदर देखा तो अंजली पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई नजर आई। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।

BIT थाना प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस टीम के साथ हॉस्टल पहुंचे। पुलिस ने कमरे की जांच करने के बाद छात्रा के शव को नीचे उतारा। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FSL जांच के बाद जुटाए जाएंगे साक्ष्य

मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है। रात करीब 12:10 बजे तक पुलिस टीम के पहुंचने का इंतजार कर रही थी। FSL विशेषज्ञों के निरीक्षण के बाद कमरे और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

पुलिस ने मृत छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच समेत अन्य प्रक्रियाओं के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

You may also like

Leave a Comment