Thursday, October 8, 2026
Home » बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर! 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल, पहले निपटा लें बैंक के जरूरी काम

बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर! 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल, पहले निपटा लें बैंक के जरूरी काम

by उर्वशी शेखर
0 comments

देशभर में बैंकिंग सेवाओं पर सितंबर के अंतिम सप्ताह में बड़ा असर पड़ सकता है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। बुधवार शाम सेंट्रल लेबर कमिश्नर, डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) और बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद यूनियनों ने प्रस्तावित हड़ताल को जारी रखने का फैसला किया।

इस हड़ताल का असर झारखंड में भी बैंकिंग व्यवस्था पर पड़ने की संभावना है। राज्य में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों की कुल 3,248 शाखाएं हैं। इनमें 1,489 शाखाएं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हैं। हड़ताल के दौरान दो हजार से अधिक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित होने का अनुमान है। कई बैंकों ने अपने ग्राहकों को पहले से ही जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने की सलाह देना शुरू कर दिया है।

पांच दिन तक प्रभावित हो सकती है शाखा आधारित बैंकिंग

बैंक ग्राहकों के लिए स्थिति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हड़ताल से ठीक पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। यानी यदि हड़ताल तय कार्यक्रम के अनुसार होती है, तो 26 से 30 सितंबर के बीच लगातार पांच दिनों तक शाखाओं में सामान्य सेवाएं बाधित रह सकती हैं।

पंजाब नेशनल बैंक समेत कई बैंकों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे नकद लेन-देन, चेक, दस्तावेज जमा करने और अन्य जरूरी शाखा संबंधी काम 25 सितंबर तक पूरा कर लें।

किन सेवाओं पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?

हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में आमने-सामने होने वाली सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित हो सकती हैं। नकदी जमा या निकासी, चेक से संबंधित कार्य, लोन के दस्तावेजों की प्रक्रिया, लॉकर सुविधा और विभिन्न कागजी कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।

हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के जारी रहने की संभावना है। ग्राहक यूपीआई, आईएमपीएस, एनईएफटी और आरटीजीएस के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान और फंड ट्रांसफर कर सकेंगे। मोबाइल एवं इंटरनेट बैंकिंग के साथ एटीएम और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट नेटवर्क का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवा केंद्र भी वैकल्पिक माध्यम के तौर पर काम आ सकते हैं।

बैंकों की ओर से एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने और हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान को न्यूनतम रखने की तैयारी की जा रही है। इसके बावजूद शाखा से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए ग्राहकों को पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है।

ग्राहकों के लिए सुझाव: जिन लोगों को लॉकर, नकद लेन-देन, चेक, ऋण संबंधी कागजात या किसी अन्य शाखा-आधारित सेवा की जरूरत है, वे 25 सितंबर तक अपना काम पूरा कर लें। इसके बाद लगातार छुट्टी और प्रस्तावित हड़ताल के कारण शाखा जाकर बैंकिंग सुविधा लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

You may also like

Leave a Comment