Tuesday, October 6, 2026
Home » पलामू : पांच बच्चों की मौ*त से पसरा मातम, पीड़ित परिवारों से मिले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

पलामू : पांच बच्चों की मौ*त से पसरा मातम, पीड़ित परिवारों से मिले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

by उर्वशी शेखर
0 comments

पलामू के पतरिया खुर्द गांव में कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक साथ हुई इस त्रासदी ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस में मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात की।

वित्त मंत्री ने शोकाकुल परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार उनकी सहायता के लिए हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में पांच बच्चों का चले जाना परिवारों के लिए असहनीय क्षति है।

अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन को तत्काल निर्देश

राधाकृष्ण किशोर ने जिला प्रशासन को बच्चों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था के लिए तत्काल आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े निर्धारित प्रावधानों के तहत प्रभावित परिवारों को मिलने वाली सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने प्रशासन से राहत और सहायता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सरकारी मदद मिल सके।

बारिश के मौसम में जलस्रोतों से दूर रहें बच्चे

हादसे के बाद मंत्री ने लोगों से बारिश के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बरसात में नदियों, तालाबों और आहर में अचानक पानी बढ़ सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखनी चाहिए और उन्हें जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकना चाहिए।

राज्यपाल ने जताया शोक

घटना पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। पांच बच्चों की एक साथ मौत की घटना से स्थानीय लोग सदमे में हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

You may also like

Leave a Comment