Wednesday, October 7, 2026
Home » बैंक डकैती के अगले दिन ज्वेलरी शॉप में चोरी, फिर सवालों के घेरे में गोलमुरी की सुरक्षा व्यवस्था

बैंक डकैती के अगले दिन ज्वेलरी शॉप में चोरी, फिर सवालों के घेरे में गोलमुरी की सुरक्षा व्यवस्था

by उर्वशी शेखर
0 comments

गोलमुरी में लगातार दूसरे दिन हुई आपराधिक वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को केनरा बैंक में दिनदहाड़े बड़ी डकैती के बाद शुक्रवार को अपराधियों ने उसी क्षेत्र में स्थित आरती ज्वेलरी को निशाना बना लिया। बाजार के बीचोंबीच मौजूद इस दुकान में सेंध लगाकर सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गए सामान की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये है।

आरती ज्वेलरी गोलमुरी बाजार के शॉप नंबर-12 में स्थित है। दुकान में मुख्य रूप से सोने-चांदी के आभूषणों की मरम्मत और नए गहने तैयार करने का काम होता है। अपराधियों ने दुकान के सामने की ओर बने वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे गहनों को लेकर फरार हो गए।

सुबह दुकान खुलने पर सामने आया मामला

दुकान के मालिक जगत जीवन राय के मुताबिक, दुकान की जिम्मेदारी रोजाना उनके भतीजे संभालते हैं। गुरुवार रात भी वह सामान्य दिनों की तरह दुकान बंद कर घर लौट गए थे। शुक्रवार सुबह जब दुकान खोली गई, तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।

जांच करने पर दुकान में रखे आभूषण और नकदी नहीं मिले। इसके बाद भतीजे ने तत्काल अपने चाचा को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे जगत जीवन राय ने दुकान का निरीक्षण किया तो वेंटिलेटर क्षतिग्रस्त मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की गतिविधियों और उनकी पहचान से जुड़ा कोई सुराग मिल सके। पुलिस चोरी हुए आभूषणों की वास्तविक कीमत का भी आकलन कर रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

बैंक डकैती के बाद दूसरी वारदात से बढ़ी चिंता

गोलमुरी में इस घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि इससे ठीक एक दिन पहले इसी इलाके में केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की थी। बैंक की घटना में पांच अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई थी और करोड़ों रुपये की लूट हुई थी।

बैंक डकैती के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाने, अपराधियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय करने और संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की बात कही थी। ऐसे में अगले ही दिन बैंक से कुछ दूरी पर बाजार स्थित आभूषण दुकान में चोरी सामने आने से पुलिस की गश्ती और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

अब पुलिस के सामने दोनों घटनाओं की जांच के साथ-साथ यह चुनौती भी है कि ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाले अपराधियों तक जल्द कैसे पहुंचा जाए। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

You may also like

Leave a Comment