जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में शनिवार को अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए मरीन ड्राइव स्थित एक रेस्टोरेंट में फायरिंग कर दी। बिन्दा मॉल के पास हुई इस घटना में रेस्टोरेंट के अंदर मौजूद तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। फायरिंग के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए वहां से निकल गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फायरिंग से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फिलहाल गोलीबारी की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।