रांची के हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 218वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस भंडारे का निवेदन भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू की ओर से किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, रांची के उपमहापौर नीरज कुमार समेत भाजपा रांची महानगर के पदाधिकारी और अन्य सदस्यों ने बाबा श्याम को भोग अर्पित किया। इस दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ।मंदिर परिसर में बाबा श्याम के भोग से जुड़े भजनों की प्रस्तुति के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भंडारे के प्रसाद को बाबा को अर्पित किया गया। इसके पश्चात यजमान परिवार की ओर से मंदिर के आचार्यों को प्रसादी ग्रहण कराई गई।
मंदिर से लेकर गौशाला और वृद्धाश्रम तक पहुंचा प्रसाद
श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से भंडारे के प्रसाद को सेवा कार्यों से भी जोड़ा गया है। प्रत्येक शनिवार को भंडारे का भोग गौशाला भेजा जाता है, जहां इसे गौ माता को खिलाया जाता है। मंडल के सदस्य स्वयं प्रसाद लेकर गौशाला पहुंचते हैं। इस बार बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी भंडारे का प्रसाद भेजा गया।
मंडल के अनुसार, भंडारे के लिए तैयार होने वाले भोजन में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। मंदिर परिसर में तैयार किए गए प्रसाद की व्यवस्था निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी के निर्देशानुसार की जाती है।
प्रसाद के लिए लगी लंबी कतारेंभंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हरमू रोड पर भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बाबा श्याम के जयघोष से मंदिर परिसर के साथ आसपास का इलाका भी भक्तिमय हो गया। भगवान गणेश के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया।
इस अवसर पर इडली-चटनी, केसरिया जलेबी, खीर और चूरमा सहित विभिन्न प्रसाद का भोग लगाया गया।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने संभाली जिम्मेदारी
भंडारे के सफल आयोजन में श्री श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। इनमें उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़िया, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा, रतन शर्मा, अनुज मोदी, अमित सरावगी, कमलेश सावा, मनोज माहेश्वरी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत और उपेंद्र पांडे सहित कई सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।