फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में 170 से अधिक यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद हुआ और ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद विमान की ऊंचाई भी तेजी से कम हुई। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अनुसार, मच्छार ने इसके बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की। यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया। इसके बाद विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट ले जाकर सुरक्षित उतारा।
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर मच्छार को ‘हीरो’ बताते हुए उनके साहस की तारीफ की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

9,750 घंटे का उड़ान अनुभव
मच्छार जून 2022 से फ्लाईदुबई के साथ हैं। इससे पहले वह करीब 11 साल स्पाइसजेट में रहे, जहां सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी संभाली। उनके पास करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है। हमले के आरोपी को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है। घटना की वजह और हमले के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच जारी है।