जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक के कुछ ही घंटे बाद सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना सामने आई। गुरुवार देर रात ओल्ड बाराद्वारी के फुलबस्ती इलाके में स्कूटी से पहुंचे दो युवकों ने मो. राजा पर गोलियां चला दीं। घटना में राजा की बांह में दो गोलियां लगीं। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना रात करीब 11:15 बजे की बतायी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी सफेद स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की दिशा में भाग निकले। सूचना मिलने पर सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के दौरान दो खोखे बरामद किए।
शाम के विवाद के बाद रात में हमला
पुलिस को दिए बयान में राजा ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास उसका इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर भीड़ जुटने पर राजा ने अपने परिचितों को फोन कर मदद मांगी और वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गया।

राजा के मुताबिक, रात में वह घर के बाहर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर इस्मायलु और कोदू वहां पहुंचे। आरोप है कि स्कूटी रोकते ही दोनों ने उस पर गोली चला दी। कई राउंड फायरिंग के बीच दो गोलियां राजा की बांह में लगीं। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना में नाम सामने आ रहे इस्मायलु के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इनमें रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में शाम को हुआ विवाद फायरिंग की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश में काशीडीह, मानगो और आजादनगर समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस हमले में इस्तेमाल हथियार और स्कूटी का भी पता लगाने में जुटी है।