गोइलकेरा प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी परेशानी दूर करने की दिशा में विद्युत विभाग ने काम तेज कर दिया है। गोइलकेरा पावर सब स्टेशन के लिए 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफॉर्मर पहुंच चुका है। विभागीय टीम ने इसे स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल, करीब 10 दिन पहले समीज फीडर का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था। इसके चलते इस फीडर से जुड़े लगभग 40 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए टाउन फीडर से वैकल्पिक रूप से बिजली पहुंचाई जा रही थी। हालांकि, अतिरिक्त लोड पड़ने के कारण टाउन फीडर की व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया था।
समस्या की जानकारी मिलने के बाद विधायक जगत माझी ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर खराब ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने की पहल की। इसके बाद 5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर गोइलकेरा पहुंचाया गया।
अब विभागीय कर्मचारी इसके इंस्टॉलेशन में जुटे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, स्थापना का काम पूरा होते ही गुरुवार से समीज फीडर के जरिए बिजली आपूर्ति सामान्य किए जाने की तैयारी है।
नए ट्रांसफॉर्मर के चालू होने से समीज फीडर पर निर्भर करीब 40 गांवों में बिजली संकट दूर होने की उम्मीद है। साथ ही टाउन फीडर पर बना अतिरिक्त दबाव भी कम होगा। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए विधायक जगत माझी की पहल की सराहना की है।