कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार शाम चेन्नई में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का यह छठा कार्यक्रम है और पहली बार दक्षिण भारत में इसका आयोजन हो रहा है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
राहुल गांधी इस दौरान शिक्षा, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता और युवाओं पर बढ़ते दबाव जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम शाम 4 बजे शुरू होगा। इसमें शामिल होने के लिए क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। पिछले पांच आयोजनों में करीब 1.54 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।

तमिलनाडु में यह दौरा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से भी अहम है। 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ने डीएमके से अलग होकर मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार को समर्थन दिया है। कांग्रेस के दो विधायक सरकार में मंत्री हैं। कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी की मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की संभावना भी है।
एक दिन बाद तमिलनाडु पहुंचेंगे पीएम मोदी
राहुल गांधी के कार्यक्रम के अगले दिन, 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण के कॉरिडोर-4 का उद्घाटन करेंगे। दोनों नेताओं के लगातार दो दिनों में राज्य दौरे को राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।
36.74 करोड़ युवा मतदाताओं पर नजर
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2026 में देश में 15 से 29 वर्ष की उम्र के करीब 36.74 करोड़ युवा हैं, जो आबादी का लगभग 26 प्रतिशत हैं। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में 18 से 29 वर्ष के मतदाता कुल मतदाताओं का 22.78 प्रतिशत थे।
2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए युवा और Gen-Z मतदाता राजनीतिक दलों के लिए अहम वोट बैंक बन चुके हैं। यही वजह है कि पार्टियां इस वर्ग के मुद्दों और आकांक्षाओं को अपने राजनीतिक एजेंडे में प्रमुखता दे रही हैं।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट