Tuesday, October 6, 2026
Home » धनबाद स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 39 लीटर विदेशी शराब के साथ दो गिरफ्तार

धनबाद स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 39 लीटर विदेशी शराब के साथ दो गिरफ्तार

0 comments

धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब की आवाजाही के खिलाफ चल रही निगरानी के बीच RPF को बड़ी सफलता मिली है। ट्रेन संख्या 13009 की तलाशी के दौरान जवानों ने दो यात्रियों के सामान से कुल 39 लीटर विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 27,240 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई गुरुवार देर रात स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान हुई। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर RPF की स्पेशल टास्क टीम, पोस्ट के अधिकारी-जवान और CIB/DHN के कर्मी स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची ट्रेन संख्या 13009 की जांच शुरू की गई। तलाशी के दौरान S7 कोच की बर्थ नंबर 18 पर यात्रा कर रहे एक व्यक्ति के प्लास्टिक के बोरे और झोले से अंग्रेजी शराब मिली। इसके बाद S8 कोच की बर्थ नंबर 46 पर सवार दूसरे यात्री के सामान की जांच की गई तो वहां भी शराब की बोतलें बरामद हुईं।

ट्रेन के धनबाद में निर्धारित कम ठहराव को देखते हुए दोनों यात्रियों को उनके सामान समेत ट्रेन से उतार लिया गया। जांच में बरामद शराब की बोतलों पर “FOR SALE IN WB ONLY” अंकित मिला। इसके बाद RPF ने शराब को जब्त करते हुए दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों और जब्त शराब को RPF पोस्ट धनबाद लाया गया। मामले में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। जब्त शराब को शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए धनबाद उत्पाद विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

You may also like

Leave a Comment