हैदराबाद में एक महिला पर अपने पति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। शुरुआती जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला ने कथित तौर पर अपनी बेटी के साथ पति के गलत व्यवहार की कोशिश का विरोध करते हुए यह कदम उठाया। घटना में पति की मौत हो गई।
मामला शहर के अलवल थाना क्षेत्र की पेद्दा पेडुम्मा रेड्डी कॉलोनी का है। मृतक की पहचान श्रीनिवास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना बीती रात की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रीनिवास कथित तौर पर अपनी बेटी के साथ गलत नीयत से पेश आने की कोशिश कर रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसकी पत्नी रमा ने हस्तक्षेप किया। आरोप है कि बेटी को बचाने के लिए रमा ने श्रीनिवास पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद श्रीनिवास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद अलवल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना से ठीक पहले घर में क्या हुआ था और विवाद किस तरह हिंसक हमले तक पहुंचा।
पुलिस शुरुआती बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और आरोपों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। मामले में लगाई गई धाराओं और आगे की कानूनी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी भी जांच के आधार पर सामने आने की उम्मीद है।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट