जवाहर विद्या मंदिर (JVM) के ऑडिटोरियम में JVM एलुम्नी एसोसिएशन (JVMAA) की बैठक आयोजित की गई। इसमें स्कूल के अलग-अलग बैचों से जुड़े 30 से अधिक पूर्व छात्रों ने हिस्सा लिया। बैठक की शुरुआत दिवंगत प्रिय दिवाकर सर को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई।
कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य बी.एन. झा, मोती सर के अलावा प्रथम बैच समेत विभिन्न बैचों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रमुख उपस्थित सदस्यों में शशांक, गुरनेक सिंह, पल्लवी सिंह, किरण सिंह, श्रीराम सिंह, प्रकाश कुमार, अमित जैन, आशीष बुधिया, अंशुमान, शशि, मनोज कुमार पांडेय, राहुल दयाल, निखिल सिंह और प्रसून रायपत शामिल थे।
बैठक में एलुम्नी एसोसिएशन को अधिक व्यवस्थित और सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके तहत स्कूल परिसर में JVMAA के लिए कार्यालय कक्ष उपलब्ध कराने, सदस्यता प्रक्रिया और बायलॉज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पुराने पूर्व छात्रों के रिकॉर्ड को नए सिरे से व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। उद्देश्य स्कूल से जुड़े अधिक से अधिक पूर्व छात्रों को नेटवर्क से जोड़कर एक मजबूत एलुम्नी आधार तैयार करना है।

पूर्व छात्रों की सहभागिता बढ़ाने के लिए 14 अक्टूबर को आयोजित होने वाली साइंस एग्जीबिशन के दौरान ब्लड डोनेशन कैंप लगाने और एलुम्नी रजिस्ट्रेशन के लिए अलग कैनोपी स्थापित करने की योजना भी बनाई गई। इससे पुराने छात्रों को संगठन से जोड़ने के साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक में पूरे वर्ष की गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करने पर भी सहमति बनी। इसमें नियमित Alumni Get-together, खेलकूद, विज्ञान एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक पहल और ई-वेस्ट कलेक्शन जैसी गतिविधियों को शामिल किया जाएगा।
JVMAA का लक्ष्य स्कूल के विभिन्न बैचों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और पूर्व छात्रों को अपने विद्यालय तथा समाज के लिए सक्रिय योगदान देने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। बैठक में इसी उद्देश्य के साथ एलुम्नी नेटवर्क को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।