Thursday, October 8, 2026
Home » रांची में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में दवा कारोबारी की मौ*त

रांची में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में दवा कारोबारी की मौ*त

0 comments

रांची के रातू थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 56 वर्षीय राजू प्रसाद की जान चली गई। सिमलिया रिंग रोड पर कुकवेल होटल के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में राजू प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

जानकारी के अनुसार, कोकर के बजरंग नगर निवासी राजू प्रसाद की कोकर में दवा की दुकान है। वह किसी निजी काम से दलादली गए थे। वहां से लौटते समय उनकी बाइक संख्या जेएच-01जीएस-9358 की सामने से आ रही बाइक जेएच-01जीआर-8258 से भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया। मृतक की पत्नी साविता देवी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। हादसे के कारणों और दुर्घटना में शामिल दूसरे बाइक सवार की भूमिका की जांच की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment