Wednesday, October 7, 2026
Home » झारखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका

झारखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं रांची, गुमला और खूंटी में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

50 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा

बारिश के साथ राज्य के कई हिस्सों में मौसम का असर तेज हवाओं के रूप में भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।

25 और 26 सितंबर को भी बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक 25 सितंबर को भी झारखंड के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवा और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।

26 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 27 से 29 सितंबर के बीच भी कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।

रांची में चार दिन तक बना रहेगा बारिश का असर

राजधानी रांची में 24 सितंबर को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

25 सितंबर को भी रांची में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 से 29 सितंबर तक बादल छाए रहने और बीच-बीच में एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

You may also like

Leave a Comment