Table of Contents
पलामू और गढ़वा में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और मरम्मत में हो रही देरी को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय में चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात की। बैठक में NH-39, NH-139 और NH-98 से जुड़ी लंबित परियोजनाओं, सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक समस्याओं पर चर्चा हुई। सांसद की मांग पर चेयरमैन ने दशहरा से पहले प्रमुख सड़कों के गड्ढे भरने और पलामू में NHAI की परियोजना कार्यान्वयन इकाई (PIU) का उपकार्यालय खोलने की स्वीकृति दी।
बैठक में सांसद ने अधिकारियों के लगातार स्थानांतरण से परियोजनाओं पर पड़ रहे असर का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि महज चार महीने के भीतर छह बार प्रोजेक्ट डायरेक्टर बदले जाने से निर्माण कार्यों की निगरानी और जरूरी फैसलों में देरी हो रही है।
इस पर NHAI चेयरमैन ने मौजूदा अधिकारियों को परियोजनाओं की जिम्मेदारी सौंपने और अनावश्यक तबादलों से बचने का भरोसा दिया। लंबित कार्यों की निगरानी के लिए पलामू में PIU का उपकार्यालय खोलने पर भी सहमति बनी।
दशहरा से पहले आठ इलाकों की सड़कों के गड्ढे भरने का निर्देश
मानसून के दौरान सतबरवा, पोलपोल, डालटनगंज, पड़वा, रमना, नगर उंटारी, हरिहरगंज और छतरपुर में राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने बताया कि सड़कों पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया। दशहरा से पहले गड्ढे भरकर यातायात सुचारू करने और इसके बाद सड़कों की स्थायी मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया।
सतबरवा बाईपास पर सुरक्षित डायवर्जन
सतबरवा बाईपास का निर्माण पूरा होने तक वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने मौजूदा डायवर्जन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर चेयरमैन ने फ्लाईओवर तैयार होने तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण डायवर्जन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

डालटनगंज बाईपास के पोखराहा में किलोमीटर 165 पर प्रस्तावित VUP और जोड़ में किलोमीटर 169 पर LVUP के लंबित अनुमोदन की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि रेलवे और NHAI के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित हो चुका है। रेलवे की ओर से हाईटेंशन तार हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे दोनों स्थानों पर निर्माण आगे बढ़ सकेगा।
भोगू-संखा फ्लाईओवर और छह महीने से रुके कार्यों पर चर्चा
सांसद ने PIU कार्यालय को डालटनगंज से लातेहार स्थानांतरित किए जाने के बाद प्रभावित परियोजनाओं की समीक्षा करने का आग्रह किया। उन्होंने दुबियाखाड़ आदिवासी विकास महाकुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए भोगू-संखा सेक्शन में प्रस्तावित फ्लाईओवर को शीघ्र मंजूरी देने की मांग की।
इसके अलावा पिछले छह महीने से प्रभावित सिविल कार्यों को दोबारा गति देने, वृक्षारोपण और वन विभाग की मंजूरी से जुड़ी लंबित प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने मेदिनीनगर के डीएफओ की ओर से उठाई गई आपत्तियों का जल्द समाधान करने पर जोर दिया।
स्थानीय वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने की मांग
मेदिनीनगर टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहन मालिकों को राहत देने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। सांसद ने कहा कि फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा होने तक स्थानीय वाहनों को उचित टोल छूट मिलनी चाहिए।
उन्होंने NH-39 के पैकेज-V और NH-139 के तैयार हो चुके हिस्सों का जल्द उद्घाटन कराने की भी मांग की, ताकि आम लोग इन सड़कों का उपयोग कर सकें।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू और गढ़वा के राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के लिए आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर परियोजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा कराने पर जोर दिया। बैठक में मिले आश्वासनों के बाद अब संबंधित परियोजनाओं पर कार्रवाई और निर्माण की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।