Wednesday, October 7, 2026
Home » झारखंड से बिहार जा रहा था अवैध ‘काला सोना’, चार ट्रक और चार चालक गिरफ्तार

झारखंड से बिहार जा रहा था अवैध ‘काला सोना’, चार ट्रक और चार चालक गिरफ्तार

by उर्वशी शेखर
0 comments

औरंगाबाद जिले में अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रिसियप और बारुण थाना क्षेत्रों में जांच के दौरान टीम ने कोयला लदे चार ट्रकों को पकड़ा। वाहनों में मौजूद चालकों के पास कोयला ढुलाई से जुड़े जरूरी वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद चारों ट्रकों को जब्त कर चालकों को हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के नगड़ा निवासी अनिल यादव, हेमपुर निवासी उपेंद्र कुमार यादव, औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के झुकटिया निवासी अवधेश लाल तथा कैमूर जिले के बंगरी निवासी उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि इन वाहनों के जरिए झारखंड से कोयला बिहार के रास्ते संबंधित मंडी तक पहुंचाया जा रहा था। खनन विभाग की टीम ने जब परिवहन से संबंधित कागजात मांगे तो चालक आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक मालिकों पर करीब 48 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चालकों से पूछताछ में अवैध कोयला ढुलाई के नेटवर्क से संबंधित कुछ अहम जानकारियां मिली हैं।

पुलिस और खनन विभाग अब इन जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और कोयला परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment