Wednesday, October 7, 2026
Home » ओडिशा के 61 लापता लोगों की तलाश में जुटी झारखंड पुलिस, सीमावर्ती इलाकों से रेलवे स्टेशनों तक निगरानी बढ़ी

ओडिशा के 61 लापता लोगों की तलाश में जुटी झारखंड पुलिस, सीमावर्ती इलाकों से रेलवे स्टेशनों तक निगरानी बढ़ी

by उर्वशी शेखर
0 comments

ओडिशा से अलग-अलग समय में लापता हुए 61 लोगों की तलाश अब झारखंड में भी शुरू कर दी गई है। ओडिशा क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के आधार पर झारखंड सीआईडी ने राज्य के सभी 24 जिलों की पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खासतौर पर ओडिशा से सटे जिलों में निगरानी और सूचना तंत्र को सक्रिय करने पर जोर दिया गया है।

सीआईडी मुख्यालय ने सभी वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में संबंधित थानों के माध्यम से लापता लोगों की पहचान और संभावित मौजूदगी को लेकर जांच कराएं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, आश्रय गृह, रैन बसेरे और अंतरराज्यीय चेकपोस्ट जैसे स्थानों पर भी सत्यापन अभियान चलाने को कहा गया है।

ओडिशा पुलिस के मुताबिक, इन 61 लोगों के लापता होने के बाद अब तक उनके बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए ओडिशा क्राइम ब्रांच ने सभी व्यक्तियों से संबंधित उपलब्ध जानकारी, पहचान विवरण और हुलिया को एकत्र कर सूची तैयार की है। इसी सूची को झारखंड सीआईडी ने राज्य के सभी जिलों तक पहुंचाया है।

जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू झारखंड और ओडिशा के बीच सक्रिय संभावित नेटवर्क की पहचान करना भी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं मानव तस्करी, अवैध तरीके से लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने या अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय किसी गिरोह का इन मामलों से संबंध तो नहीं है। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर खुफिया सूचनाएं जुटाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

इन 61 लोगों की तलाश

ओडिशा पुलिस की सूची में ओमकार दास, वैकुंठ सामल, मेघंजना पाढ़ी, गीतांजलि खांडेई, वर्षा रानी नायक, मोनालिसा प्रधान, अर्पिता साहू, श्रीया बेहरा, सुलोचना बिस्वाल, प्रीति सामंता, आकांक्षा नायक, बापुना प्रधान, अशोक सेन गुप्ता, अजीत कुमार सेन, देवी प्रसाद साहू, सानासि अम्मा, गायत्री नायक, बनिता सिंह, बलराम महत, कादंबिनी साहू, प्रणबंधु जेना, मुंगू बदारा, ममाली नायक, सुनील कुमार साहू, नबाकिशोर नायक, वाई. प्रकाश, सौम्या प्रियदर्शिनी महापात्र, सुभाश्री मिश्रा, जैस्मिन साहू उर्फ रोमा, श्रीरूपा सामल उर्फ पूजा, पुची बेहरा, एनिमा नायक, आर. पिंकी, जुगल कुरकुरिया, घनश्याम गुरु, कमल भाटी, पुष्पा महापात्र, राजेश्वरी सागर, प्रफुल्ल पटेल, नितिन भुए, मोनालिसा सेठ, अनादिनी साहू, जामिनी महानंदा, बेबी भुए, फुलामति भुए, बिलासा प्रधान, दीपक बेहरा, खुशी चौधरी, राखी कुमारी, पबित्रा थापा, लिपिका साहू उर्फ कुनी, शिबानी बेहरा, बनिता मेहर, वर्षा बाग, सपना बेहरा, प्रीति भट्ट, चुमकी कुजूर, सौम्यालेखा भोई, संतोषिनी मांझी, प्रियंका स्वांई और अर्चिता दास के नाम शामिल हैं।

झारखंड पुलिस अब इन नामों के आधार पर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटा रही है। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनमें से किसी व्यक्ति की झारखंड में मौजूदगी, आवाजाही या किसी संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क का कोई सुराग मिलता है या नहीं।

You may also like

Leave a Comment