Tuesday, October 6, 2026
Home » बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव! झारखंड में अगले दो दिन दिखेगा बारिश का रौद्र रूप

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव! झारखंड में अगले दो दिन दिखेगा बारिश का रौद्र रूप

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे मौसमी सिस्टम के कारण 10 और 11 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 10 सितंबर को रांची समेत 11 जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इनमें रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। इन जिलों के अलावा प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

11 सितंबर को इन चार जिलों में ज्यादा असर

11 सितंबर को मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में देखने को मिल सकता है। इन चार जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

लगातार दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से खासकर बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

खाड़ी में बन रहा सिस्टम बढ़ाएगा बारिश

अभिषेक आनंद के मुताबिक, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तरी बंगाल की खाड़ी के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यही सिस्टम झारखंड में बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है और 11 सितंबर तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

इधर, बुधवार को संताल परगना और कोल्हान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रांची जिले के कांके में 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि रांची शहर में करीब 1 मिमी बारिश हुई।

You may also like

Leave a Comment