Tuesday, October 6, 2026
Home » वाराणसी से सियासी पारी का ऐलान, पूर्व CBI निदेशक नागेश्वर राव की ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

वाराणसी से सियासी पारी का ऐलान, पूर्व CBI निदेशक नागेश्वर राव की ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ यूपी की सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

0 comments

वाराणसी में शनिवार को पूर्व CBI निदेशक एम. नागेश्वर राव ने नई राजनीतिक पार्टी ‘सर्वजन सनातन पार्टी’ बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।1986 बैच के ओडिशा कैडर के IPS अधिकारी रहे नागेश्वर राव 24 अक्टूबर 2018 से 4 फरवरी 2019 तक CBI निदेशक रहे थे। अब उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह खुद कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे।

नागेश्वर राव ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और भारतीय सभ्यतागत पहचान के संरक्षण व पुनरुत्थान के लिए काम करना है। शिक्षा और चिकित्सा को भी उन्होंने पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल किया। उनका कहना है कि आम लोगों को बेहतर और सस्ती शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।

उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। नागेश्वर राव का आरोप है कि राजनीतिक फायदे के लिए सनातन को जातियों में बांटने की कोशिश की जाती है।बीजेपी और संघ को लेकर उन्होंने कहा कि ये संगठन विपक्ष में रहते हुए सनातन की बात करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपने रुख से पीछे हट जाते हैं। उन्होंने इसे सनातन के लिए नुकसानदेह बताया।

पार्टी ने अपना नारा ‘सत्य सनातन, नित्य नूतन’ रखा है। काशी से पार्टी के गठन की घोषणा करते हुए नागेश्वर राव ने कहा कि वाराणसी भारतीय सभ्यता का प्रमुख केंद्र रहा है, इसलिए राजनीतिक अभियान की शुरुआत यहीं से करना उचित है.

You may also like

Leave a Comment