झारखंड भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह के साथ रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तीनों नेताओं का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोकनृत्य और पुष्पवर्षा के बीच कार्यकर्ताओं ने नेताओं के प्रति अपना उत्साह जताया।
तीनों नेताओं की जिम्मेदारी तय होने के बाद झारखंड में भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। पार्टी नेतृत्व के इस नए बदलाव को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन के विस्तार की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
एयरपोर्ट पर जुटे वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता
स्वागत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और बालमुकुंद सहाय समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, शालिनी बैसिखियार, सरोज सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी एयरपोर्ट पहुंचे।
संगठन को मजबूत करने पर फोकस
गजेंद्र सिंह पटेल को झारखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। तीनों के राज्य दौरे को पार्टी संगठन के लिए अहम माना जा रहा है।
आने वाले दिनों में प्रदेश संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और राजनीतिक तैयारियों को गति देने पर जोर रहने की संभावना है। नए नेतृत्व के साथ भाजपा झारखंड में संगठन को और सक्रिय व मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी में है।