Wednesday, October 7, 2026
Home » चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने कार को रौंदा, महिला की मौ*त; DSP के परिवार के पांच घायल

चुटूपालू घाटी में बेकाबू कंटेनर ने कार को रौंदा, महिला की मौ*त; DSP के परिवार के पांच घायल

by उर्वशी शेखर
0 comments

रामगढ़ की चुटूपालू घाटी रविवार को एक बार फिर भीषण सड़क दुर्घटना की गवाह बनी। रांची से रामगढ़ की ओर जा रही होंडा कार को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार 45 वर्षीय सारा तबस्सुम की मौत हो गई, जबकि मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल और हॉप हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतका की पहचान डीएसपी अकरम रजा की मौसी के रूप में हुई है।

एक ही परिवार के पांच लोग घायल

हादसे में सारा तबस्सुम के पति फिरोज राही (48), उनकी बहन तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम घायल हुई हैं। कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी रांची से रामगढ़ जा रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चुटूपालू घाटी में पहुंचने के दौरान रांची की दिशा से आ रहे कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कंटेनर ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल

दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के अलावा रामगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार, मंजेश कुमार, पंकज कुमार और रोशन बाड़ा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्य की निगरानी की।

बाद में एसपी मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन और गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली।

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल कंटेनर की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होना दुर्घटना की संभावित वजह सामने आई है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

तीन दिनों में लगातार हादसों से बढ़ी चिंता

चुटूपालू घाटी में लगातार तीसरे दिन सड़क दुर्घटना होने से इस संवेदनशील मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी पिछले दो दिनों में ब्रेक फेल होने की वजह से यहां दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने घाटी से गुजरने वाले भारी वाहनों की फिटनेस और तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रांची-पटना मुख्य मार्ग का अहम हिस्सा होने के कारण चुटूपालू घाटी में हर दिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ढलान वाले इस रास्ते पर भारी वाहनों के ब्रेक पर अधिक दबाव पड़ता है। ऐसे में लगातार हो रही दुर्घटनाएं वाहन चालकों के साथ-साथ प्रशासन के लिए भी गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं।

You may also like

Leave a Comment