गिरिडीह के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पंचनटांड गांव में बाइक से पहुंचे छह अपराधियों ने एक घर में घुसकर महिला को अपने कब्जे में ले लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए लूटपाट की। घटना के बाद सभी आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि बदमाशों ने घर से करीब 20 हजार रुपये नकद के अलावा सोने के दो मंगलसूत्र और एक जोड़ी पायल अपने साथ ले गए। वारदात के दौरान महिला के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपियों की पहचान के लिए जानकारी जुटाई।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल की गई बाइकों और आरोपियों की पहचान के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। दिन के उजाले में हुई इस वारदात के बाद पंचनटांड और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।