Wednesday, October 7, 2026
Home » झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, संजय डालमिया के ठिकाने समेत 7 परिसरों पर छापेमारी

झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, संजय डालमिया के ठिकाने समेत 7 परिसरों पर छापेमारी

by उर्वशी शेखर
0 comments

सरायकेला-खरसावां जिले में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक से जुड़े कथित वित्तीय घोटाले की जांच के सिलसिले में एजेंसी की टीम ने सरायकेला के पटनायक टोला स्थित कारोबारी और ठेकेदार संजय कुमार डालमिया के आवासीय परिसर में तलाशी ली। इसी मामले से जुड़े झारखंड और ओडिशा के कुल सात ठिकानों पर ED की कार्रवाई चल रही है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे ED के अधिकारी तीन वाहनों से संजय डालमिया के घर पहुंचे। टीम के पहुंचते ही परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान शुरू किया।

दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच

तलाशी के दौरान अधिकारियों ने वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात, बैंक खातों की जानकारी, संपत्ति से संबंधित दस्तावेज और आयकर रिकॉर्ड खंगाले। घर में मौजूद लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों की कार्रवाई का उद्देश्य मामले से जुड़े संभावित वित्तीय लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल करना बताया जा रहा है।

ED की यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया के तहत की जा रही है। एजेंसी के अनुसार, जांच का संबंध सरायकेला स्थित झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा में सामने आई कथित बड़े पैमाने की वित्तीय धोखाधड़ी से है।

बैंक अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

जांच एजेंसी कारोबारी संजय कुमार डालमिया के साथ बैंक के तत्कालीन अधिकारियों की कथित भूमिका और संभावित मिलीभगत की भी पड़ताल कर रही है। ED की कार्रवाई झारखंड और ओडिशा में एक साथ सात परिसरों तक फैली हुई है।

हालांकि, तलाशी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद या जब्त किया गया है, इस संबंध में ED की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल सभी स्थानों पर जांच जारी है। तलाशी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई तथा अन्य तथ्यों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

You may also like

Leave a Comment