Tuesday, October 6, 2026
Home » लखनऊ में बसपा की अहम बैठक, मायावती ने भतीजे ईशान आनंद को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ में बसपा की अहम बैठक, मायावती ने भतीजे ईशान आनंद को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

by उर्वशी शेखर
0 comments

बहुजन समाज पार्टी ने संगठन को लेकर एक अहम फैसला लेते हुए बुधवार को लखनऊ में हुई बैठक में ईशान आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त करने की घोषणा की। बैठक में बसपा प्रमुख मायावती के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

नई जिम्मेदारी की घोषणा से पहले ईशान आनंद ने मायावती से मुलाकात की और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलें और चर्चाएं चल रही थीं। मायावती ने हाल में संकेत दिया था कि उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व दिया जा सकता है। अब पार्टी की बैठक में इस जिम्मेदारी को औपचारिक रूप से घोषित कर दिया गया।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन

बैठक का एक प्रमुख एजेंडा आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियां रहा। मायावती ने प्रदेश इकाइयों के कामकाज की जानकारी ली और चुनावी तैयारियों की स्थिति की समीक्षा की। संभावित प्रत्याशियों के चयन, संगठन की सक्रियता और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई।

पार्टी नेतृत्व ने राज्यों में जमीनी स्तर पर चल रही गतिविधियों और संगठन विस्तार से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी जानकारी मांगी। विभिन्न प्रदेशों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति और पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय किए जाने की बात सामने आई है।

नई जिम्मेदारी के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह

ईशान आनंद को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा के बाद बैठक में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। बसपा नेतृत्व की ओर से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए प्रदेश इकाइयों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया।

You may also like

Leave a Comment