Tuesday, October 6, 2026
Home » जमशेदपुर में सुवर्णरेखा नदी का रौद्र रूप, नाव समेत दो मछुआरे तेज धार में बहे; तलाश जारी

जमशेदपुर में सुवर्णरेखा नदी का रौद्र रूप, नाव समेत दो मछुआरे तेज धार में बहे; तलाश जारी

by उर्वशी शेखर
0 comments

जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने से शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। बारीडीह बस्ती स्थित जिला स्कूल के समीप नदी में मछली पकड़ने गए दो मछुआरे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। दोनों लकड़ी की नाव समेत नदी की धारा में बह गए।

घटना करीब रात 8:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में लापता दोनों युवकों की पहचान बिट्टू कुमार और अनूप सिंह के रूप में हुई है। दोनों बारीडीह बस्ती के मीरा पथ इलाके के निवासी हैं और उनकी उम्र करीब 32 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

तेज बहाव में बेकाबू हुई नाव

बताया गया कि पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर पहले ही काफी बढ़ा हुआ था। इसके बावजूद दोनों मछुआरे लकड़ी की नाव लेकर नदी में उतर गए थे। इसी दौरान तेज हवा और पानी के दबाव के कारण नाव बहते हुए नदी की मुख्य धारा की ओर पहुंच गई।

स्थिति संभलने से पहले ही तेज बहाव ने नाव का संतुलन बिगाड़ दिया। इसके बाद दोनों मछुआरे नाव समेत पानी में बह गए और देखते ही देखते नदी की धार में लापता हो गए।

सुबह तक नहीं मिला कोई सुराग

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे और अपने स्तर पर दोनों की तलाश शुरू की। सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को भी दी गई। प्रशासन ने दोनों मछुआरों के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी जुटाई।

शनिवार सुबह तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। खबर लिखे जाने तक NDRF की टीम भी मौके पर नहीं पहुंची थी। नदी में पानी का बढ़ा हुआ स्तर और तेज बहाव बचाव एवं तलाशी अभियान के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।

You may also like

Leave a Comment