Wednesday, October 7, 2026
Home » रांची में लगातार बारिश से फसलों पर संकट, DC ने नुकसान का आकलन कर मांगी रिपोर्ट

रांची में लगातार बारिश से फसलों पर संकट, DC ने नुकसान का आकलन कर मांगी रिपोर्ट

by उर्वशी शेखर
0 comments

रांची जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिला प्रशासन ने संभावित नुकसान को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित इलाकों का जमीनी स्तर पर जायजा लेने और नुकसान का विस्तृत आकलन करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से बारिश के कारण कृषि क्षेत्र पर पड़ रहे असर की जानकारी जुटाने और प्रभावित किसानों तक समय पर राहत पहुंचाने के लिए रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया।

अंचल स्तर पर होगा नुकसान का सर्वे

उपायुक्त ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बारिश से हुए नुकसान का सर्वे करने को कहा है। अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में जाकर फसलों और अन्य क्षति की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी को कृषि फसलों को हुए नुकसान का व्यापक सर्वेक्षण कराने की जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट में कितने क्षेत्र में फसल प्रभावित हुई, कितने किसान इससे प्रभावित हैं और अनुमानित आर्थिक नुकसान कितना है; इन सभी बिंदुओं को शामिल करने को कहा गया है।

समय पर राहत पहुंचाने पर जोर

जिला प्रशासन का उद्देश्य नुकसान का आंकलन जल्द पूरा कराना है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के मुताबिक राहत और सहायता की प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सके। अधिकारियों को बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर: 9430328080

You may also like

Leave a Comment