तेलंगाना सरकार ने गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की योजना के तहत हैदराबाद में ‘इंदिराम्मा टावर्स’ के निर्माण की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को रेड हिल्स स्थित नामपल्ली विधानसभा क्षेत्र में परियोजना का शिलान्यास राजस्व, आवास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने किया। कार्यक्रम में मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन, सांसद अनिल कुमार यादव और विधायक माजिद हुसैन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपना पक्का घर उपलब्ध कराना है। इसके लिए शहर के प्रमुख इलाकों में सरकारी जमीन चिन्हित कर आवास विभाग को सौंपी गई है।
10 मंजिल तक होंगे आवासीय अपार्टमेंट
मंत्री के मुताबिक, चिन्हित जमीन पर भूतल समेत 10 मंजिल तक के आवासीय अपार्टमेंट तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में जमीन की कीमत कई स्थानों पर 200 से 250 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक होने के बावजूद सरकार इन जमीनों को राजस्व के स्रोत के बजाय गरीबों को आवास देने के लिए इस्तेमाल कर रही है।

पहले चरण की पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया में करीब 480 लाभार्थियों का चयन किया गया है। पात्र परिवारों को आगामी दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में भी आवास देने की योजना है।
20 विधानसभा क्षेत्रों में जमीन चिन्हित
सरकार के अनुसार, हैदराबाद के सभी 20 विधानसभा क्षेत्रों में आवास परियोजनाओं के लिए भूमि की पहचान कर ली गई है। इनमें करीब 16 से 17 स्थानों पर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इन परियोजनाओं का निर्माण जल्द शुरू होने की बात कही गई है।
मंत्री ने बताया कि निर्माणाधीन प्रत्येक फ्लैट की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख से एक करोड़ रुपये के बीच है। सरकार का लक्ष्य लगभग एक साल में निर्माण पूरा कर लाभार्थियों को उनके घरों की चाबी सौंपना है। कार्यक्रम में आवास निर्माण विभाग के प्रबंध निदेशक वीपी गौतम, जिला कलेक्टर प्रियंका अला समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट