वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. कृष्ण नंदन सिंह (डॉ. के. एन. सिंह) को पटना हाईकोर्ट में केंद्र सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल के पद पर एक बार फिर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि कार्य विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के मुताबिक, डॉ. सिंह का नया कार्यकाल 1 अक्टूबर 2026 से तीन महीने के लिए निर्धारित किया गया है। हालांकि, यह नियुक्ति अगले आदेश तक भी प्रभावी रह सकती है।
लंबे समय से केंद्र सरकार की ओर से कर रहे पैरवी
पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं में शामिल डॉ. के. एन. सिंह पिछले कई वर्षों से केंद्र सरकार के कानूनी पक्ष का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। अपने लंबे विधिक करियर के दौरान उन्होंने केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की ओर से महत्वपूर्ण मामलों में पैरवी की है।

इनमें संवैधानिक, सिविल और आपराधिक प्रकृति के मामले शामिल रहे हैं। वर्ष 2023 में भी उन्हें एडिशनल सॉलिसिटर जनरल के रूप में तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए पुनर्नियुक्त किया गया था।
कानूनी जगत में खुशी, वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दी बधाई
डॉ. कृष्ण नंदन सिंह की दोबारा नियुक्ति की खबर के बाद बिहार के कानूनी समुदाय में प्रसन्नता का माहौल है। बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, अधिवक्ता प्रशांत प्रताप और एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं कानूनविदों ने उन्हें बधाई दी।
सहकर्मियों और कानून जगत से जुड़े लोगों ने उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।