रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा झारखंड में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।अभियान की तैयारियों को लेकर रांची के सुकुरहुटू, कांके स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में देश के गरीब, वंचित और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के हर घर तक पहुंचने का प्रयास किया गया है।

राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान में युवाओं, छात्रों, महिलाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका लाभ लेने में भी सहयोग करना चाहिए।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को इस बार एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जाएगा। 17 सितंबर को हर घर में आशीर्वाद का दीप प्रज्वलित करने समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान की तैयारियों के लिए 5, 6 और 7 सितंबर को जिला स्तरीय तथा 8, 9 और 10 सितंबर को मंडल स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। भाजपा की ओर से अभियान के तहत 14 अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए प्रदेश स्तर पर संयोजक और सह-संयोजक भी नियुक्त किए गए हैं।