Wednesday, October 7, 2026
Home » सीएम हेमंत ने दिया ‘सोनू भैया’ को कंधा, राजकीय सम्मान के साथ हुआ दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार

सीएम हेमंत ने दिया ‘सोनू भैया’ को कंधा, राजकीय सम्मान के साथ हुआ दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार

by उर्वशी शेखर
0 comments

झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से शोक में डूबे परिवार और समर्थकों के बीच मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रविवार को हरसिंहरायडीह स्थित उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।इसके बाद मुख्यमंत्री सुदिव्य कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शरीर को स्वयं कंधा दिया और श्मशान घाट तक साथ गए। राजकीय सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्होंने दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी।मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बताया कि देर रात हृदयाघात के कारण सुदिव्य कुमार का अचानक निधन हुआ। उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री के अनुसार सुदिव्य कुमार राजनीति और सामाजिक सरोकारों से लगातार जुड़े रहे और अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता तथा परिपक्वता के साथ निभाते हुए राज्य के विकास से जुड़े कई कार्यों में अहम भूमिका निभाई।हेमन्त सोरेन ने कहा कि इतनी कम उम्र में उनका चले जाना बेहद पीड़ादायक है और इस सच्चाई को स्वीकार करना कठिन है कि सुदिव्य कुमार अब उनके बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर अपने साथी को सम्मानपूर्वक विदाई दी।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार सुदिव्य कुमार के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। परिवार को भविष्य में भी सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और संबल मिलता रहेगा। उन्होंने दिवंगत मंत्री को झारखंड का कर्मठ जनप्रतिनिधि, जिम्मेदार मंत्री और उभरता हुआ युवा नेतृत्व बताते हुए कहा कि उनका निधन राज्य के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं है।इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनके प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।अंतिम यात्रा में झारखंड सरकार के मंत्रियों और विधायकों के अलावा मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सुदिव्य कुमार के समर्थकों और चाहने वालों की भारी भीड़ अंतिम यात्रा में उमड़ी। हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।

You may also like

Leave a Comment