Wednesday, October 7, 2026
Home » कोकर से कोलकाता तक ED की कार्रवाई! फंडिंग और कंटेंट मामले में सात राज्यों में एक साथ छापेमारी

कोकर से कोलकाता तक ED की कार्रवाई! फंडिंग और कंटेंट मामले में सात राज्यों में एक साथ छापेमारी

by उर्वशी शेखर
0 comments

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने देश के सात राज्यों में एक साथ कार्रवाई शुरू की है। जांच एजेंसी की टीमें रांची, कोलकाता और दिल्ली समेत कई स्थानों पर तलाशी ले रही हैं। रांची में कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ठिकाना भी ED की जांच के दायरे में है।

बताया जा रहा है कि इस पूरे अभियान का नेतृत्व ED की कोलकाता टीम कर रही है। जांच के लिहाज से कोलकाता को प्रमुख केंद्र माना जा रहा है, जबकि रांची में सांसद से कथित रूप से जुड़े परिसर की भी तलाशी ली जा रही है।

कथित आपत्तिजनक सामग्री और वित्तीय लेनदेन की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला एक उर्दू दैनिक में कथित तौर पर प्रकाशित ऐसी सामग्री से जुड़ा है, जिस पर सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कथित कारोबारी सौदों के माध्यम से फंडिंग की शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

रांची में जिस परिसर पर तलाशी चल रही है, उसका संबंध अखबार-ए-मशरिक प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े उर्दू अखबार में प्रकाशित कथित आपत्तिजनक सामग्री और उसमें हुए निवेश से बताया जा रहा है। हालांकि, मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

FIR के आधार पर शुरू हुई मनी लॉन्ड्रिंग जांच

जानकारी के मुताबिक, विधाननगर में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ED ने ECIR दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं को खंगाला गया। इसके बाद एजेंसी ने कोलकाता, दिल्ली और रांची सहित सात राज्यों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।

फिलहाल रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में ED की कार्रवाई जारी है। तलाशी के दौरान कौन-कौन से दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसे लेकर जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

You may also like

Leave a Comment