Wednesday, October 7, 2026
Home » रांची : हरमू में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने का खुलासा, नाबालिग निरुद्ध

रांची : हरमू में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने का खुलासा, नाबालिग निरुद्ध

by उर्वशी शेखर
0 comments

राजधानी रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और उस पर आपत्तिजनक शब्द लिखने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। अरगोड़ा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में कथित रूप से शामिल एक नाबालिग की पहचान कर उसे निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, किशोर से पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद कर ली गई है।

मामला अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू हाउसिंग कॉलोनी का है। यहां स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर अज्ञात व्यक्ति ने काला रंग लगा दिया था। इसके अलावा प्रतिमा पर आपत्तिजनक शब्द भी लिखे गए थे।

घटना को लेकर हरमू हाउसिंग कॉलोनी के MIGHFH-10 निवासी इंद्रजीत कुमार यादव ने अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने 28 सितंबर 2026 को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 259/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 324(3) लगाई गई है।

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष जांच टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। सिटी एसपी और हटिया डीएसपी की निगरानी में गठित इस टीम में अरगोड़ा थाना पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के अधिकारियों को भी शामिल किया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी शाखा की सहायता से संदिग्ध की पहचान करने के बाद पुलिस ने एक किशोर को निरुद्ध किया।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर किशोर से पूछताछ की गई। उसके कथित स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने प्रतिमा पर कालिख पोतने और आपत्तिजनक शब्द लिखने में इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद की है।

फिलहाल पुलिस ने घटना में कथित संलिप्तता के आधार पर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। किशोर के मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय से संबंधित प्रावधानों के अनुसार की जाएगी।

You may also like

Leave a Comment