रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से प्रभावित और विस्थापित परिवारों की समस्याओं को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट विस्थापित न्याय मोर्चा ने एयरपोर्ट निदेशक को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने प्रभावित परिवारों के अधिकारों के साथ-साथ क्षेत्र में जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में सड़क और नाली निर्माण, पेयजल पाइपलाइन, बुनियादी सुविधाओं तथा प्रभावित एवं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने जैसे मुद्दे उठाए गए। मोर्चा ने एयरपोर्ट में थर्ड और फोर्थ ग्रेड के पदों पर प्रभावित एवं स्थानीय परिवारों के लिए 75 प्रतिशत रोजगार का प्रावधान करने की विशेष मांग रखी।

मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार और विकास के लिए जिन परिवारों ने अपनी जमीन और संसाधन दिए, उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। विस्थापित परिवारों की लंबित समस्याओं का स्थायी और सम्मानजनक समाधान करना एयरपोर्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मोर्चा अध्यक्ष राजेश कच्छप, महासचिव संतोष कुमार गोप, उपाध्यक्ष आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष कमल किशोर समेत कृष्ण गोप, आरती देवी, शांति देवी, रेशमा कच्छप, रेशमी देवी, मुकेश यादव, अशोक गोप, बजरंग ठाकुर और अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
मोर्चा ने एयरपोर्ट प्रबंधन से मांगों पर जल्द संज्ञान लेकर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।