Table of Contents
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर दिखाई देने लगा है। बुधवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार को और व्यापक हो गया। रांची, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और चतरा समेत राज्य के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 25 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार कर चुका है। इसके बाद झारखंड में नमी बढ़ी है और कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। गुरुवार को रांची, गुमला और खूंटी के अलावा गिरिडीह में भी अच्छी बारिश हुई, जबकि चतरा में रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
25 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

27 सितंबर तक मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग ने 27 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बिजली चमकने और वज्रपात की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि, 25 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है। 26 और 27 सितंबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
किसानों को सावधानी बरतने की सलाह
लगातार बारिश को देखते हुए किसानों को खेतों में पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से ऊंची जमीन पर लगी फसलों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है। खेतों में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।