अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान राज्य के सभी जिलों में जनसंपर्क और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे। अभियान का प्रमुख कार्यक्रम ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च होगा।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा के मुताबिक, अभियान की शुरुआत जिला स्तर पर INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस से होगी। इसके बाद प्रखंड स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
अभियान के तहत विभिन्न जिलों में बड़े स्तर पर मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन कर वयस्क मताधिकार के संवैधानिक प्रावधान के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।

कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रमों में प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी के अग्रणी संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस ने अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया को भी प्रमुख माध्यम बनाया है। जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो और मीडिया कवरेज एकत्र कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराई जाएंगी।
राकेश सिन्हा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों को संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्धारित कार्यक्रमों को समन्वित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।