Wednesday, October 7, 2026
Home » हैदराबाद : महिला से वीडियो कॉल के बाद पुलिस कांस्टेबल ने की आत्मह*त्या, जांच में जुटी पुलिस

हैदराबाद : महिला से वीडियो कॉल के बाद पुलिस कांस्टेबल ने की आत्मह*त्या, जांच में जुटी पुलिस

by उर्वशी शेखर
0 comments

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 35 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मूसाराम बाग के शालीवाहन नगर इलाके में रहने वाले मुथे चंद्रशेखर ने रविवार देर रात अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक महिला को वीडियो कॉल किया और कथित तौर पर उसे बताया कि वह अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहे हैं।

महिला ने बातचीत के दौरान ही पुलिस को इसकी सूचना दे दी। जानकारी मिलते ही मलकपेट पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही चंद्रशेखर की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया है। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वीडियो कॉल और निजी जिंदगी से जुड़े पहलुओं की जांच

पुलिस के मुताबिक, चंद्रशेखर ने आत्महत्या से ठीक पहले महिला से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कॉल के दौरान ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया।

जांच अधिकारी वीडियो कॉल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ कांस्टेबल की निजी जिंदगी, आर्थिक स्थिति, कामकाज और आत्महत्या से पहले की घटनाओं की भी पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

तेलंगाना में पुलिसकर्मियों द्वारा आत्महत्या की घटनाओं के बीच सामने आया यह ताजा मामला पुलिस विभाग के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है।

डीजीपी ने कुछ दिन पहले पुलिसकर्मियों से की थी मदद लेने की अपील

गौरतलब है कि 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर तेलंगाना के डीजीपी सीवी आनंद ने करीब 93 हजार पुलिसकर्मियों को संबोधित किया था। उन्होंने निजी और आर्थिक परेशानियों के कारण आत्महत्या जैसे कदम नहीं उठाने की अपील की थी।

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को शराब, ड्रग्स, गांजा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा था कि मुश्किल परिस्थितियों में समस्याओं को परिवार और सहकर्मियों के साथ साझा किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आग्रह किया था कि किसी गंभीर निर्णय से पहले समय रहते सहायता ली जाए और अपने जीवनसाथी, बच्चों तथा माता-पिता पर पड़ने वाले प्रभाव को भी ध्यान में रखा जाए।

ऑनलाइन सट्टेबाजी से होने वाले कर्ज को लेकर भी चेतावनी

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहने की विशेष सलाह दी थी। उनके अनुसार, पिछले चार महीनों में पुलिसकर्मियों की आत्महत्या से जुड़े कुछ मामलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारण बढ़ा कर्ज एक प्रमुख वजह के तौर पर सामने आया था।

उन्होंने बताया था कि कुछ मामलों में आर्थिक संकट इतना बढ़ गया कि संबंधित पुलिसकर्मियों को जमीन बेचने, परिचितों से उधार लेने या ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। ऐसे मामलों का हवाला देते हुए उन्होंने आर्थिक परेशानी में मदद मांगने और समय रहते समस्या साझा करने पर जोर दिया था।

You may also like

Leave a Comment