रांची के चौड़ा मार्ग पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान एक बाइक ने बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से निकल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक अपाचे थी, लेकिन उसका नंबर या चालक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाकर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

बच्चे की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर आवागमन रोक दिया और आरोपी बाइक सवार की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग रखी है।
जाम की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क खुलवाने का प्रयास शुरू किया है। वहीं, पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच के साथ बाइक और उसके चालक की पहचान में जुटी है।