तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केरल के निलंबूर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी, एनडीए और संघ परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में ऐसी ताकतें सक्रिय हैं, जो समाज को जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजित कर राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती हैं। रेवंत रेड्डी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।
आर्यदान मोहम्मद फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रेवंत रेड्डी को ‘आर्यदान मोहम्मद-2026 बेस्ट पब्लिक सर्वेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। रेवंत रेड्डी इस पुरस्कार को हासिल करने वाले केरल के बाहर के पहले व्यक्ति बताए गए। फाउंडेशन के मुताबिक, यह सम्मान किसानों, पिछड़े वर्गों और आम लोगों के हित में उनके नेतृत्व तथा विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के लिए दिया गया।
बीजेपी और एनडीए पर लगाए गंभीर आरोप
सम्मान समारोह में अपने संबोधन के दौरान रेवंत रेड्डी ने बीजेपी और एनडीए की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोगों की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चुनावी व्यवस्था, राजनीतिक दलों, चुनाव चिह्नों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है और इसका असर युवाओं के भविष्य पर भी पड़ रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। रेवंत रेड्डी ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संगठित राजनीतिक संघर्ष की जरूरत है।
‘दो परिवारों के बीच राजनीतिक संघर्ष’
अपने भाषण में रेवंत रेड्डी ने देश की मौजूदा राजनीति को ‘संघ परिवार और गांधी परिवार’ के बीच संघर्ष के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघ परिवार की राजनीतिक विचारधारा का मुकाबला करना जरूरी है।उन्होंने केरल से शुरू हुई कांग्रेस की राजनीतिक मुहिम को देश के दूसरे हिस्सों तक ले जाने की बात कही। रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक लक्ष्य राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनते देखना है।
केरल के प्रति जताया विशेष जुड़ाव
रेवंत रेड्डी ने केरल के लोगों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य से उनका पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है और यहां के लोगों से उन्हें लगातार सम्मान और स्नेह मिला है।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और केरल विधानसभा चुनाव के दौरान अपने दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि केरल उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने धर्मनिरपेक्षता और कांग्रेस नेतृत्व के समर्थन के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया।आर्यदान मोहम्मद को बताया प्रेरणास्रोतरेवंत रेड्डी ने कार्यक्रम के केंद्र में रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आर्यदान मोहम्मद के राजनीतिक योगदान को भी याद किया। उन्होंने उन्हें केरल की राजनीति का प्रभावशाली रणनीतिकार और निलंबूर का मजबूत जननेता बताया।
उन्होंने कहा कि आर्यदान मोहम्मद ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और जीवनभर धर्मनिरपेक्ष मूल्यों तथा संविधान की रक्षा के लिए काम किया। वह आठ बार विधायक चुने गए और चार बार मंत्री रहे। रेवंत रेड्डी ने उन्हें समर्पित कांग्रेसी और देशभक्त नेता बताते हुए उनके विचारों से प्रेरणा लेने की बात कही।
अपने संबोधन के अंत में रेवंत रेड्डी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने खुद को राहुल गांधी का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कांग्रेस की राजनीतिक मुहिम को मजबूत करने का आह्वान किया।
हैदराबाद से विश्वनाथ देहाती की रिपोर्ट