गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में चांदी की पायल और मोबाइल लूटे जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नालंदा जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र के नेनपुर निवासी चंदन कुमार और राजगीर थाना क्षेत्र के वीरचैत निवासी राजेश कुमार उर्फ डॉन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई चांदी की तीन जोड़ी पायल, बैग और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि वारदात 19 सितंबर को हुई थी। पीड़ित किरण ज्वेलर्स से अपना काम पूरा करने के बाद घर की ओर जा रहा था। बरैनी स्कूल से कुछ दूरी आगे पहुंचने पर दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने उसका मोबाइल और काले रंग का बैग छीन लिया और छबीलापुर की दिशा में भाग निकले।

पुलिस के अनुसार, बैग में चांदी की 10 जोड़ी पायल रखी हुई थीं। इनका कुल वजन लगभग 456 ग्राम था। घटना की सूचना मिलने के बाद नीमचक बथानी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। इसके बाद चंदन कुमार और राजेश कुमार उर्फ डॉन को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को लूटे गए सामान का एक हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त बाइक मिली।
जांच में यह भी सामने आया कि चंदन कुमार का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ राजगीर थाने में दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।