चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव में करमा पूजा का उत्सव उस समय मातम में बदल गया, जब विसर्जन के दौरान कोयल नदी में पांच युवक डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई है, जबकि पांचवें की तलाश के लिए पुलिस और ग्रामीण लगातार अभियान चला रहे हैं।
बताया जा रहा है कि करमा पूजा के बाद गांव के कुछ युवक पूजा सामग्री का विसर्जन करने कोयल नदी पहुंचे थे। इसी दौरान नदी की तेज धार में पांचों बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी के किनारे जुट गए।
सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद चार युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। एक अन्य किशोर का अभी तक पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश में पुलिस और ग्रामीणों का अभियान जारी है।

चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक लापता है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रहकर मामले की जानकारी जुटा रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नितेश कुमार (16), विशाल कुमार सिंह (15), अमित कुमार ठाकुर (20) और राजा सिंह (10) के रूप में हुई है। वहीं हेमंत सिंह (10) के लापता होने की जानकारी सामने आई है। सभी पतरिया खुर्द गांव के निवासी बताए गए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां कोयल नदी की धारा काफी तेज है। पूजा सामग्री विसर्जित करने के दौरान युवक संभवतः इसी तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन नदी किनारे लापता किशोर के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।