Tuesday, October 6, 2026
Home » रामगढ़ में शिलान्यास के बाद सजी ‘रंगीन’ महफिल, माननीयों की मौजूदगी में देर रात तक चला कार्यक्रम

रामगढ़ में शिलान्यास के बाद सजी ‘रंगीन’ महफिल, माननीयों की मौजूदगी में देर रात तक चला कार्यक्रम

0 comments

रामगढ़ जिले में दामोदर नदी पर पुल निर्माण और पुराने पुल की मरम्मत के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद आयोजित एक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में चार महिला डांसर मंच के पास फिल्मी गानों पर प्रस्तुति देती नजर आ रही हैं। वीडियो में मंच पर कुछ जनप्रतिनिधि भी बैठे दिखाई देते हैं। प्रस्तुति में बजाए गए कुछ गानों की भाषा और दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम बुधवार, 30 सितंबर को गिद्दी-भुरकुंडा मार्ग पर दामोदर नदी के पुराने पुल के समीप आयोजित शिलान्यास समारोह के बाद हुआ। कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी और बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने पुल निर्माण एवं मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया था।

शिलान्यास के बाद आयोजित कार्यक्रम में डांस प्रस्तुति हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंच के सामने चार डांसरों को प्रस्तुति देते देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह कार्यक्रम देर रात तक चला। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

17.47 करोड़ की लागत से होगा पुल का काम

शिलान्यास के तहत दामोदर नदी पर पुराने पुल की मरम्मत के साथ नए उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाना है। परियोजना पर करीब 17 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है।

योजना के तहत करीब 182 मीटर लंबे पुराने पुल की मरम्मत की जाएगी, जबकि इसके साथ लगभग 250 मीटर लंबा नया उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा। गिद्दी-भुरकुंडा मार्ग पर यह पुल रामगढ़ और हजारीबाग जिलों के बीच आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

You may also like

Leave a Comment