पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरू थाना परिसर से फरार हुए चोरी के आरोपी अफताब खान उर्फ टेंगर को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पकड़ लिया है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके पास से हथकड़ी में बंधी रस्सी का कटा हिस्सा और लगभग ढाई फीट लंबा लोहे का सब्बल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को चोरी से जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए अफताब को किरीबुरू थाना लाया गया था। पुलिस अभिरक्षा में उसे हथकड़ी पहनाई गई थी और सुरक्षा के लिए रस्सी भी बांधी गई थी। इसी दौरान वह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर थाना परिसर से निकल गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई। किरीबुरू एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को सफलता मिली और करीब तीन दिन के भीतर अफताब को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कटी हुई रस्सी बरामद की। साथ ही करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का सब्बल भी मिला है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद औजार का इस्तेमाल चोरी की किसी अन्य वारदात में किया गया था या नहीं।
अफताब खान का नाम सेल अधिकारी राहुल यादव के आवास में हुई चोरी की घटना की जांच में भी सामने आया था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर उसके संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा किरीबुरू क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से उसके संबंध की भी पड़ताल की जा रही है।